- आरोपियों ने पीड़ित को अमरोहा एसओजी बताकर दी एनकाउंटर की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर (बिजनौर)। अमरोहा एसओजी का जवान बताकर छह लोगों ने गांव रवाना निवासी एक व्यक्ति को बाइक चोर और दूसरे को तमंचे बनाकर बेचने का आरोपी बताते हुए में एनकाउंटर की धमकी दी। आरोपियों ने दोनों से 2.90 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
गांव रवाना निवासी ओमवीर पुत्र झूंडे सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे छह लोग कार से आए तथा स्वयं को एसओजी अमरोहा का जवान बताया। आरोपी उसके भाई रूपक को जलीलपुर चौराहे से अपने साथ ले गए। भाई से मोबाइल पर बात हुई तो उसने बताया कि अमरोहा पुलिस ने उसे बाइक चोरी का आरोप लगाते हुए पकड़ लिया है और एनकाउंटर की धमकी दे रही है। वह मंसूरपुर चौंधेड़ी वाले रास्ते पर खडे़ हैं। वह अपने पिता को साथ लेकर बाइक से मौके पर पहुंचे। वहां छह लोग कार में बैठे मिले। आरोपियों ने रूपक को छोड़ने के दो लाख रुपये मांगे। दो लाख देने पर उन्होंने रूपक को छोड़ा था।
आरोपी गांव के ही फिरोज पुत्र निसार को भी तमंचा बनाकर बेचने का आरोपी बताते हुए उठाकर ले गए और 90 हजार रुपये देने पर उसे छोड़ा। आरोपियों की पहचान तब हुई जब गांव के ही व्यक्ति जो वर्तमान में फीना काॅलोनी चांदपुर में रहते हैं उनकी एक लड़की के साथ फर्जी वीडियो बनाकर मारपीट कर दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजने की धमकी देते हुए 20 लाख रुपये की मांग की थी।
वायरल वीडियो देखकर आरोपियों की पहचान हुई है। जिसमें गांव निवासी रूपक पुत्र राजपाल, इमरान पुत्र अशफाक प्रधान भी शामिल है। वीडियो में गांव निवासी रूपक पुत्र राजपाल ने रिश्ते का साला कैलशा बाॅर्डर निवासी शरद भी शामिल है। पुलिस ने ओमवीर की तहरीर पर मुदित, सरद, हर्षित, राधू, जोली, रूपक पुत्र राजपाल, इमरान व फिरोज की तहरीर पर रूपक पुत्र राजपाल, इमरान, शरद व चार-पांच अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।