धामपुर। गन्ना विभाग ने अब तक 450 गांवों के 74 हजार किसानों को कच्ची परची कै लेंडर वितरित कर दिए हैं। कै लेंडर वितरण का बृहस्पतिवार को अंतिम दिन है। धामपुर चीनी मिल का पेराई सत्र भी 26 अक्तूबर से शुरू करने की तैयारी है।
धामपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना ओमवीर सिंह ने बताया कि 532 गांवों के 85 हजार किसानों को 15 सितंबर तक कैलेंडर वितरित किया जाना है। 15 से 25 सितंबर तक गन्ना समितियों में किसानों की समस्याओं का निदान कराने के लिए किसान मेलों का आयोजन होगा। इसमें गन्ना परिषद और गन्ना समिति के अधिकारी मेलों में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि धामपुर चीनी मिल पिछले दो सालों से किसानों के सहयोग से देश की अन्य चीनी मिलों को पछाड़ कर पेराई के मामले में प्रथम स्थान हासिल कर रही है। बीते साल में चीनी मिल ने 219 दिन के पेराई सत्र में 244 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर यह स्थान हासिल किया है। अबकी बार भी यहीं प्रयास है कि आगामी सीजन में पिछले दो सालों के रिकार्ड को फिर से दोहराया जाए।उन्होंने बताया कि चीनी मिल का पेराई सत्र 26 अक्तूबर से शुरू होगा। एक अक्तूबर से लेकर 30 अक्तूबर तक क्रय केंद्रों पर कंप्यूट्रीकृत तौल कांटों को लगाने का काम शुरू होगा। मिल क्षेत्र में करीब 206 सेंटर है।