-बाईपास पर बनाए गए अंडरपास के पहुंच मार्ग निर्माण को जमीन अधिग्रहण का मामला सुलझा
-बरुकी और महेश्वरी जट में भी अंडरपास को सड़क से जोड़ने का काम हुआ चालू
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे को मेरठ पौड़ी मार्ग से जोड़ने के लिए बनाए गए बिजनौर बाईपास को मार्च तक चालू कर दिया जाएगा। दरअसल इस बाईपास में बिजनौर कोतवाली रोड पर बनाए गए अंडर पास के पहुंच मार्ग का निर्माण जमीन अधिग्रहण में उलझा हुआ था। एक सप्ताह में दो किसानों को मुआवजा देकर अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जानी है। वहीं नसीरी के पास बनाए गए अंडर पास का निर्माण पूरा हो चुका है।
पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर ग्राम नसीरी के निकट बनाए गए अंडरपास को प्रोजेक्ट में ग्रामीणों के विरोध के बाद शामिल किया गया था। यह अंडरपास बाईपास पर बना है। बता दें कि मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर पेदा के पास बाईपास शुरू होकर नगीना रोड पर वीकेआईटी कॉलेज के पास जाकर निकल रहा है। वीकेआईटी कॉलेज के पास बनाए गए अंडरपास को सड़क से नहीं जोड़ा जा सका था। इसका कारण था, जमीन का अधिग्रहण नहीं होना। अब दो किसानों की उक्त जमीन को अधिग्रहण करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। कार्यदाई संस्था के अधिकारियों की मानें तो एक सप्ताह के भीतर किसानों को भूमि अधिग्रहण का मुआवजा मिल जाएगा। इसके बाद अंडर पास के पहुंच मार्ग का काम शुरू हो जाएगा। उधर, ग्राम पेदा में रेलवे ओवर ब्रिज का काम तेजी से चल रहा है। ओवर ब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद बाईपास खोल दिया जाएगा, जिससे राहगीरों को भारी सुविधा होगी।
-15 दिसंबर तक पूरे हुए पुलों पर डाली जाएगी सड़क
कोतवाली देहात से बिजनौर तक कई पुलों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन पुलों पर सड़क नहीं डाली गई है। 15 दिसंबर तक सभी पुलों पर पक्की सड़क डाल दी जाएगी। बरुकी अंडरपास, महेश्वरी अंडरपास, कोतवाली देहात ओवर ब्रिज को छोड़कर सभी पुलों से आवाजाही शुरू कर गई है।
-टोल के कारण नहीं डाली गई है सड़क
विनायक कॉलेज के निकट लगभग एक किलोमीटर का टुकड़े पर सड़क नहीं डाली गई है। बताया जा रहा है कि टोल प्लाजा का निर्माण इसी स्थान पर होगा। टोल प्लाजा के विरोध में भाकियू चढ़ूनी द्वारा कानूनी नोटिस दिया गया है। टोल निर्माण को देखते हुए सड़क नहीं डाली गई है। उधर, कोतवाली देहात में बन रहे ओवर ब्रिज पर गार्डर रखने का काम कुछ ही दिनों में शुरू हो जाएगा। इसके बाद स्लेप डाले जाएंगे। कस्बावासियों ने धीमी रफ्तार से निर्माण होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर हरप्रीत सिंह ने बताया कि भूमि अधिग्रहण का मामला पूरा होते ही वीकेआईटी कॉलेज के पास अंडर पास की सड़क बना दी जाएगी। कोतवाली देहात ओवर ब्रिज पर काम तेजी से निपटाया जा रहा है।