नहटौर में धामपुर डिपो की बस में डीसीएम ने साइड मार दी। बस की खिड़की से हाथ निकालकर बैठे एक युवक की जान पर बन आई। उसका एक हाथ काटकर सड़क पर गिर गया। एक महिला के हाथ में भी चोट आई है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धामपुर डिपो की बस बिजनौर से नहटौर की ओर आ रही थी। नहटौर हल्दौर मार्ग पर गांव कुंडा के पास सामने से आ रही डीसीएम ने बस की पिछले हिस्से में साइड मार दी। बस में खिड़की से बाहर हाथ निकालकर बैठे मोहल्ला कस्साबान बिजनौर निवासी अबूबकर का हाथ कटकर नीचे सड़क पर गिर गया। दूसरी सीट पर बैठी झालू की शाहीन पत्नी मोहम्मद आलम का हाथ भी खिड़की से बाहर था। उसका हाथ भी बुरी तरह से जख्मी हो गया। हादसे के बाद चालक डीसीएम को लेकर फरार हो गया। घायलों को बस सीएचसी में लाई। यात्रियों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इसी दौरान बस के चालक-परिचालक घायलों को छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायल रेफर होने के बाद एबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने पर करीब एक घंटे तक सीएचसी में ही तड़पते रहे। उन्हें प्राइवेट एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।