बिजनौर : शेरकोट क्षेत्र में खाई में पलटी बस। हादसे में लखीमपुर निवासी एक बालक की मौत हुई है।
- फोटो : DHAMPUR
खाई में पलटी बस, बालक की मौत, परिचालक घायल
शेरकोट (बिजनौर)। नगर के जैन पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार करीब तीन बजे प्राइवेट बस टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर तीस फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में लखीमपुर जिले के आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। जबकि बस का पीलीभीत निवासी परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। बस में करीब 80 लोग सवार थे। जो देहरादून से रुपईडीहा जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे एक प्राइवेट बस देहरादून से रुपईडीहा जा रही थी। बस में करीब 80 यात्री सवार थे। शेरकोट में नेशनल हाईवे 74 पर जैन पेट्रोल पंप के निकट बस का अगला टायर फट गया। जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ वर्षीय तसलीम पुत्र कासिम निवासी गांव कुकराटाउन थाना मैलानी (लखीमपुर) की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने चीखपुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह ने घायलों को धामपुर के अस्पताल में पहुंचाया। अधिकांश यात्रियों को मामूली चोट आई, जिन्हें उपचार कराने के बाद दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। मृतक तसलीम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भिजवाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल परिचालक सादाब उर्फ भूरा पुत्र हारून निवासी हरियापुर थाना पूरनपुर (पीलीभीत) को गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।