रस्साकशी में नजीबाबाद और पौड़ी बने चैंपियन
नजीबाबाद (बिजनौर)। एजुकेशन सोसायटी ऑफ डायसेस बिजनौर के नेतृत्व में आयोजित 17 वीं इंटर स्कूल स्पोर्ट्स मीट का समापन भव्य सांस्कृतिक समारोह के साथ हुआ। सीनियर बालिका वर्ग में ख्रीस्त जयंती स्कूल बड़िया चैंपियन बना। जबकि मसीह दिलाशा स्कूल उत्तरकाशी बालक सीनियर वर्ग में चैंपियन बना।
मुख्य अतिथि एसडीएम विजय वर्धन तोमर और नायब तहसीलदार सार्थक चावला ने स्पोर्ट्स मीट के समापन पर खेल प्रतिभाओं को ट्रॉफी प्रदान की। एसडीएम ने खेल भावना को सर्वोपरि रखकर जीवन के लक्ष्य तय करने की विद्यार्थियों को सलाह दी। स्पोर्ट्स मीट के चैंपियन स्कूलों और व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। स्पोर्ट्स मीट के समापन पर रस्साकशी, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक सद्भाव पर आधारित सांस्कृतिक समारोह आकर्षण का केंद्र रहे। रस्साकशी बालिका वर्ग में सेंट मेरी नजीबाबाद और बालक वर्ग में सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी ने खिताब जीता।
जूनियर बालिका वर्ग में क्राइस्ट एकेडमी गोपेश्वर और बालक वर्ग में सेंट मेरी स्कूल भिक्कावाला के नाम चैंपियनशिप रही। सब जूनियर बालिका वर्ग में क्राइस्ट एकेडमी गोपेश्वर और बालक वर्ग में सेंट जोसेफ कॉंवेंट स्कूल कोटद्वार ने चैंपियनशिप जीती। तीन दिवसीय स्पोर्ट्स मीट में प्रतिभाग करने वाले 31 स्कूलों में अंकों के आधार पर जूनियर और सीनियर वर्ग में सर्वाधिक प्वाइंट लेकर सेंट मेरी इंटर कॉलेज मंडावली दोनों वर्ग में चैंपियन बना। जबकि सब जूनियर वर्ग में सेंट मेरी स्कूल बिजनौर को चैंपियन घोषित किया गया।
स्पोर्ट्स मीट के संयोजक फादर जैक्सन, एजुकेशन सोसाइटी के सेक्रेट्री जॉस टीजे, सेंट मैरी स्कूल के प्रबंधक फादर जिंटो चिलंगारा, प्रधानाचार्य सिस्टर लीसी ने स्पोर्ट्स मीट के समापन पर उत्तराखंड एवं जनपद बिजनौर से आए खिलाड़ियों और शिक्षक प्रतिनिधियों और फादर जोशी, फादर रेजी, फादर बीनू और फादर जैक्सन का आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे आकर्षण का केंद्र
नजीबाबाद। स्पोर्ट्स मीट समापन पर सेंट मेरी नजीबाबाद के नेतृत्व में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अनेकता में एकता, सांस्कृतिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मनमोह लिया।