धामपुर। पुलिस विभाग क्षेत्र के गांवों का भ्रमण कर गुलदार से भयभीत लोगों को बचाव के बारे में जागरूक कर रहा है। कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के कुछ गांवों में गुलदार के जोड़ों के साथ नजर आने पर ग्रामीणों में दहशत है। ऐसे में कोतवाल ने लोगों को सुझाव दिया कि वह अकेले जंगलों में न जाएं। रात्रि में ग्रामीण एकत्र होकर आग जलाएं। बचाव के लिए अपने साथ लाठी-डंडों को जरूर रखें।
गांव पीपला, जमालपुर, महीपत आदि का भ्रमण करने के बाद कोतवाल ने बताया कि गुलदार की दहशत से लोगों में भय है। लोगों ने जंगलों में काम करने जाना बंद कर दिया है। पुलिस की ओर से गश्त में तेजी ला दी है। बकौल कोतवाल, उनके द्वारा डीएफओ बिजनौर को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही गुलदार को पकड़ कर वनों में छोड़ दिया जाएगा। कोतवाल ने बताया कि धामपुर के वन विभाग के अधिकारियों को बता दिया गया है। वन विभाग के अधिकारी भी गुलदार को तलाश कर पकड़ने के प्रयास में लगे हैं। गांव में यदि किसी को गुलदार दिखाई देता है तो वह अवगत कराएं।