तालाब पर बनी पांच दुकानों पर चला बुलडोजर
स्योहारा। बुलडोजर चला कर तालाब पर बनाई गईं पांच दुकानों को ध्वस्त किया गया। अन्य कब्जा धारकों को शीघ्र ही कब्जा मुक्त करने की चेतावनी दी गई।
मोहल्ला स्टेशन रोड पर बड़ा तालाब व पझावा भूमि है। तालाब को कब्जा मुक्त कराने के लिए तहसील व नगर पालिका प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ मौके पहुंचा। प्रशासन द्वारा चिह्नित की गई पांच दुकानों को अवैध मानते हुए जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से दुकान स्वामियों में हड़कंप मच गया। कब्जा धारकों द्वारा ध्वस्तीकरण का विरोध किया गया। बसपा नेता हाजी इलियास के पेट्रोल पंप के पीछे की दीवार गिराए जाने पर उनके पुत्र गौहर इलियास की तहसीलदार कमलेश कुमार, लेखपाल बलवंत सिंह से तीखी झड़प हुई।
तहसीलदार कमलेश कुमार ने बताया कि यह तालाब की भूमि है, जिस पर लोगों ने तालाब को पाटकर मकान और दुकानों का निर्माण कर लिया था। इस कार्यवाही में पांच दुकानों को तोड़ दिया गया है। तहसीलदार ने बताया कि एक सप्ताह पहले इन लोगों को नोटिस दे दिया गया था और सोमवार को भी मौखिक रूप से इन लोगों को बता दिया गया था। शीघ्र ही शेष तालाब को भी कब्जा मुक्त कराया जाएगा। इसके लिए तालाब पर स्थायी, अस्थायी अवैध कब्जा करने वालों को चेतावनी दे दी गई है।
ईओ एपी पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री का आदेश है कि तालाबों, चरागाहों और जोहड़ पर किसी तरह का अतिक्रमण या अवैध कब्जा है तो उसको अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। तहसीलदार कमलेश कुमार, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एपी पांडे, नगर पालिका स्टाफ तथा थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।