मंडी समिति परिसर में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर
नजीबाबाद। कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में अवैध निर्माण पर प्रशासन बुलडोजर चलाएगा। एसडीएम ने मंडी समिति परिसर का निरीक्षण कर अवैध निर्माण करने वाले सब्जी एवं फल कारोबारियों को तत्काल अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए।
एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर का निरीक्षण किया। एसडीएम ने मंडी समिति में अवैध रूप से मंडी समिति परिसर में अस्थायी और स्थायी निर्माण के संबंध में पूर्व में दिए गए नोटिस से संबंधित अवैध निर्माण देखे। एसडीएम ने मंडी समिति परिसर में अवैध रूप से निर्माण करने वालों को तत्काल निर्माण हटाने की सलाह दी। एसडीएम ने अवैध निर्माण में मंडी समिति की उदासीनता पर भी चिंता व्यक्त की। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन मंडी समिति के स्थायी और अस्थायी निर्माणों को बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्त कराएगा। एसडीएम के मंडी समिति परिसर का निरीक्षण करने से अतिक्रमण करने वाले कारोबारियों में हड़कंप है।
पुल के नीचे से हटेंगे टैक्सी वाहन
नजीबाबाद। प्रशासन तहसील के सामने फ्लाईओवर के नीचे अनाधिकृत रूप से चल रहे टैक्सी स्टैंड को भी हटाएगा। एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने टैक्सी यूनियन प्रतिनिधियों को बुलाकर अनाधिकृत रूप से फ्लाईओवर के नीचे टैक्सी न खड़े करने के निर्देश दिए। एसडीएम से मिले टैक्सी यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि बिना परमिट वाले वाहन ही पुल के नीचे खड़े होते हैं। एसडीएम ने पुल के नीचे वाहन खड़े मिलने पर वाहनों को सीज करने और वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।