- गांव जलीलपुर में अपने खेत की रखवाली कर रहा था किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
जलीलपुर/चांदपुर (बिजनौर)। फसल की रखवाली कर रहे किसान पर सांड़ ने हमलाकर घायल कर दिया। परिजन किसान को चिकित्सक के पास ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही किसान ने दम तोड़ दिया। आवारा पशुओं के हमलावर होने से ग्रामीणों में दहशत है।
गांव जलीलपुर निवासी किसान लल्लू सिंह सैनी (75) अपने गेहूं के खेत की रखवाली कर रहे थे। रविवार शाम एक सांड़ गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। लल्लू सिंह ने जैसे ही सांड़ को भगाने की कोशिश तो उसने किसान पर हमला कर दिया। दूसरे खेत में मौजूद पंकज कुमार ने सांड़ को हमला करता देख किसान को बचाने के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे किसानों ने सांड़ को भगाया।
सांड़ के हमले से लल्लू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। किसान की मौत से क्षेत्र के किसानों में दहशत है। किसानों का कहना है कि अनेक आवारा पशु हमलावर हो रहे हैं। गांववासियों ने छुट्टे पशुओं को पकड़वाकर गोशाला भेजने की मांग की है।