चांदपुर नगरपालिका बोर्ड की बैठक में मौजूद पालिकाध्यक्ष व सभासद।
- आठ लाख 44 हजार की लागत से बनने वाली सड़क का भी प्रस्ताव पास
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। चांदपुर नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए करीब 68 करोड़ नौ लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। बैठक में करीब आठ लाख 44 हजार की लागत से बनने वाली एक सड़क के निर्माण का प्रस्ताव भी पास किया गया है।
चांदपुर नगरपालिका परिषद के लिए 13 मई को हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान की पत्नी जीनत परवीन ने भारी मतों से विजय हासिल की थी। शासन द्वारा पद व गोपनीयता की शपथ के लिए 26 व 27 मई निश्चित की गई थी। 26 मई को चांदपुर नगरपालिका परिसर में पद व गोपनीयता की शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया था। जिसमें सभासदों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली थी। लेकिन पालिकाध्यक्ष जीनत परवीन स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण पद व गोपनीयता की शपथ नहीं ले सकीं थी। नवनियुक्त पालिकाध्यक्ष जीनत परवीन को 27 मई को एसडीएम रितु रानी ने पालिकाध्यक्ष को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई थी।
बृहस्पतिवार को नगरपालिका परिषद अध्यक्ष जीनत परवीन की अध्यक्षता में बोर्ड गठन होने के बाद पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रस्ताव मोहल्ला काजीजादगान वार्ड 23 में मस्जिद कोटला से राजू समोसे वाले की दुकान तक करीब आठ लाख 44 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराने का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी डॉ. पूर्णिमा, पालिका अध्यक्ष जीनत परवीन, अवर अभियंता उमेश बाबू व सभासद मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी डॉ. पूर्णिमा ने बताया कि बैठक में कुल 25 सभासदों में से सो सभासद अनुपस्थित रहे।