बिजनौर में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की जनसभा के लिए बनाए गए हेलीपैड की ईंटों की चोरी करने का मामला सामने आया है। एक ट्रैक्टर के चालक को रंगे हाथ पकड़ा गया है। मामले में नगीना से सपा उम्मीदवार के प्रतिनिधि ने नहटौर के सभासद और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए ट्रैक्टर चालक से पूछताछ कर रही है।
प्रथम चरण में 19 अप्रैल के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मनोज कुमार के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 13 अप्रैल को नहटौर आए थे। उनकी जनसभा नगर के जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हुई थी। सपा उम्मीदवार के खर्च पर अखिलेश यादव के हेलिकॉप्टर की लैंडिग के लिये हेलीपैड नहटौर-कोतवाली रोड पर खाली पड़े एक मैदान में बनाया गया था।