कश्मीर में दबोचे गए दोनों युवक हैं गहरे दोस्त
बिजनौर। जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों के हाथों दबोचे गए बिजनौर के दोनों युवक गहरे दोस्त थे। दोनों एक सप्ताह पहले अपने घर आए थे और एक साथ ही कार से गए। इनमें से एक युवक चिक्की बेचने व दूसरा हेयर कटिंग सैलून पर काम करता था। दोनों की हरकतों का पता चलने पर गांव वाले भी सकते में हैं।
सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात दक्षिण कश्मीर में कुलगांम जिले के काजी गुंड के जवाहर सुरंग के पास एक अभियान दौरान किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर रतन निवासी यूनुस के पुत्र नौशाद व राजा का ताजपुर निवासी शमशाद अहमद के पुत्र मो. दानिश को दबोचा है। दोनों सेंट्रो कार में सवार थे। तलाशी लेने पर इनके पास से एक पिस्टल व 20 कारतूस और गोला बारूद बरामद हुआ है। नौशाद पिछले दस साल से कश्मीर में हेयर कटिंग सैलून पर काम करता था। दानिश वहां पिछले पांच साल से कश्मीर में चिक्की बनाकर बेचता है। दोनों का जिले में कोई अपराधिक रिकार्ड नहीं है। दोनों आपस में गहरे दोस्त हैं। एक सप्ताह पहले दोनों अपने घर एक साथ आये थे। नौशाद के पिता यूनुस के मुताबिक उसका बेटा शादीशुदा है व उसके दो बच्चे हैं। बच्चे भी दानिश के साथ कश्मीर में ही रहते हैं। एक सप्ताह पहले वह भी गांव आये थे। घर से लड्डू व अन्य सामान लेकर घर से गया था। घर बताकर गया था कि किसी साथी के साथ कार से जा रहा है। उन्हें नहीं मालूम कि हथियार व गोला बारूद के साथ कैसे पकड़ा गया। उधर नौशाद व दानिश के कश्मीर में पकड़े जाने के बाद गांव वाले भी सकते में हैं। उन्हें बस यही मालूम है कि दोनों कश्मीर में कोई कारोबार कर रहे थे। एसपी डा.धर्मवीर सिंह के मुुताबिक दोनों युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है किन लोगों के संपर्क में थे यह भी खंगाला जा रहा है।