वाहनों की खरीदारी के लिए एक सप्ताह पहले बुकिंग
बिजनौर। शनिवार की सुबह से लेकर रविवार की सुबह तक पुष्य नक्षत्र रहेगा। इस पर खरीदारी और कोई भी शुभ कार्य करना विशेष फलदायी माना जाता है। लोगों ने अभी से ही वाहनों की खरीदारी के लिए बुकिंग शुरू कर दी है। कुछ लोगों ने एक सप्ताह पहले से ही वाहन खरीदने के लिए बुकिंग कर रखी है। इनमें दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहनों तक शामिल हैं।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार पुष्य नक्षत्र सात नवंबर की सुबह आठ बजकर पांच मिनट से लेकर आठ नवंबर की सुबह करीब आठ बजकर 43 मिनट तक रहेगा। मान्यता है कि इस नक्षत्र में कोई भी शुभ कार्य करने पर लक्ष्मी की कृपा बरसती है और व्यक्ति धन धान्य से परिपूर्ण रहता है। यह नक्षत्र साल में एक या दो बार ही आता है। कभी कभी ऐसा होता है कि साल भर में एक भी इस नक्षत्र का संयोग नहीं बनता है। कई वर्षों बाद यह अद्भुत संयोग इस बार सात नवंबर को आ रहा है, जो रविवार की सुबह पौने नौ बजे तक रहेगा। इस पर खरीदारी करने के लिए लोगों एक सप्ताह पहले से ही बुकिंग शुरु कर दी थी।
चौधरी मोटर्स, बिजनौर के स्वामी विवेक उर्फ विक्की चौधरी के अनुसार पुष्य नक्षत्र पर सात नवंबर को उनके यहां पर सात एक्टिव स्कूटी और बाइकों की बुकिंग की गई है। ये सभी सातों लोग सात नवंबर को ही इन वाहनों की चाबियां अपने हाथों में लेंगे।
वहीं तिरुपति व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक दीपक गर्ग ने बताया कि इस बार सात नवंबर की बुकिंग अधिक हैं। सात नवंबर को पुष्य नक्षत्र की शुरुआत होगी। अब तक इस दौरान खरीदारी करने के लिए 15 से 20 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। इनमें बोलेरो, स्कॉर्पियो, एक्सयूवी-300, महिंद्रा थार आदि शामिल हैं। सात नवंबर को इन वाहनों की डिलीवरी होगी। इनमें से कुछ लोग आठ तारीख को भी वाहन खरीदेंगे।
देवेंद्र ऑटो बिजनौर के मालिक अनुज आर्य का कहना है कि पुष्य नक्षत्र पर खरीदारी के लिए अब तक 40 बुकिंग हो चुकी हैं। इनमें से 20 लोगों ने करीब एक सप्ताह पहले ही बुकिंग करा दी थी। उन्होंने बताया कि 22 पल्सर, सीटी 100 और प्लेटिना शामिल हैं। इन सभी की डिलीवरी सात और आठ नवंबर को होंगी।