- अपना पक्ष मजबूत करने के लिए डेलीगेटों से साध रहे संपर्क
- नजीबाबाद गन्ना समिति पर तीन से चार संचालक निर्विरोध बनने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सहकारी गन्ना समितियों और सहकारी चीनी मिल में डेलीगेट का चुनाव हो चुका है। अब संचालक और सभापति की दौड़ में किसान नेता लग चुके हैं। खुद को निर्विरोध संचालक निर्वाचित करने लिए गोटियां बिछ रही हैं। उधर, अपने अपने सर्किल के डेलीगेट से संपर्क तेज कर दिया है।
बिजनौर गन्ना समिति में सभापति पद के लिए भाजपा की ओर से गढ़ी निवासी दीपा पत्नी ब्रजपाल का नाम तय किया गया है, जिनका निर्विरोध संचालक बनना लगभग तय हो चुका है। क्योंकि इनके सर्किल पर संचालक पद के लिए कोई दावेदार नहीं है।
वहीं महेश्वरी जट सर्किल पर मलकपुर देहरी के रहने वाले निपेंद्र राठी की पत्नी के निर्विरोध संचालक चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। क्योंकि उनके सर्किल में मजबूत दावेदार माने जा रहे एक रसूखदार परिवार से इस बार कोई डेलीगेट भी नहीं बन सका है।
बता दें कि निपेंद्र राठी पहले फुलसंदा सर्किल से संचालक रह चुके हैं, अब महेश्वरी जट सर्किल में गांव आने के बाद भी उनके विरोधी पस्त हो गए। हालांकि झालू सर्किल में अभी तस्वीर साफ नहीं है और चुनाव होने की संभावना है। उधर, नजीबाबाद गन्ना समिति में अभी तक तीन से चार संचालक निर्विरोध चुने जाने की गुंजाइश नजर आ रही है। बाकी सर्किल में संचालक पदों पर चुनाव होगा।
जिले में नौ गन्ना समितियां
जिले में नौ गन्ना समितियां हैं। इनमें प्रत्येक पर 11-11 संचालक चुने जाने हैं। संचालक पद के लिए नामांकन पत्र 10 अक्तूबर को दाखिल किए जाएंगे जबकि चुनाव 16 अक्तूबर होगा। इसके बाद 17 अक्तूबर को सभापति पद के लिए चुनाव होगा।