धामपुर के निजी अस्पताल में स्टाफ के साथ मारपीट करते युवक स्रोत वीडियोग्रैब
धामपुर। बुढ़नपुर (स्योहारा) के ब्लॉक प्रमुख एवं भाजपा नेता उज्ज्वल चौहान और उनके समर्थकों ने शनिवार की रात करीब दो बजे कालागढ़ मार्ग स्थित कृष्णा हाॅस्पिटल में स्टाफ के साथ मारपीट और तोड़तोड़ की। अस्पताल के कर्मचारी अभिषेक कुमार की ओर से ब्लॉक प्रमुख और कई अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
दर्ज रिपोर्ट में बताया कि शनिवार रात सुमाल खेड़ी निवासी ब्लॉक प्रमुख उज्ज्वल चौहान अपने समर्थकों के साथ एक महिला का इलाज कराने के लिए अस्पताल आए थे। आरोप हे कि ब्लॉक प्रमुख ने भाजपा नेता होने का हवाला देते हुए निशुल्क इलाज करने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर ब्लॉक प्रमुख और उनके समर्थकों ने स्टाफ के साथ मारपीट करते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ की। रविवार को आईएमए की बैठक में अस्पताल में मारपीट को लेकर रोष जताया। अस्पताल संचालक डॉ. निशीथ कुमार सिंह का कहना है कि स्टाफ द्वारा रुपये जमा कराने को कहने पर तीमारदार भड़के। आईएमए अध्यक्ष डॉ. बीके सिंह का कहना है कि अस्पताल में घुसकर स्टाफ के साथ मारपीट करना गंभीर मामला है। थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, स्योहारा ब्लाॅक प्रमुख उज्ज्वल चौहान ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके द्वारा किसी के साथ भी मारपीट नहीं की गई है।