नगीना/नजीबाबाद (बिजनौर)। बसपा के स्टार प्रचारक आकाश आनंद ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमी में आगे बढ़ने का भाजपा सरकार का दावा झूठा सपना है। डिजिटल इंडिया का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार ने शिक्षा, रोजगार और बुजुर्गाें की सुरक्षा की दृष्टि से देश को पीछे छोड़ा है। संविधान को बचाने के लिए लोकसभा चुनाव में सही वक्त पर सही फैसला लेना है।
बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे व नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद शनिवार को नगीना पहुंचे। नगीना लोकसभा के प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा में भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमी के नाम पर झूठे वादे करने वाली भाजपा सरकार दस वर्ष पूर्व जब सत्ता में आई थी, तब 58 लाख 60 हजार करोड़ का विदेशी कर्ज था। आज देश 152 लाख करोड़ कर्ज से डूबा हुआ है।
आकाश आनंद ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और बुजुर्गाें की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। प्रधानमंत्री 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन बांटने का ढिंढोरा पीट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब रोजगार नहीं दिया, लोगों की नौकरियां खा लीं तो मुफ्त राशन देने के सिवाय सरकार पर बचा क्या है। उन्होंने मॉडल ऑफ गवर्नेंस के नाम पर भी सरकार को घेरा। बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने कहा कि मुफ्त राशन के नाम पर दो लाख करोड़ रुपये जनता की जेब से टैक्स वसूली में लेकर गंवाया जा रहा है। इलेक्टोरल बांड की चर्चा करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि बसपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो इलेक्टोरल बांड के चिट्ठे में नहीं है। उन्होंने भाजपा, सपा सहित अन्य राजनैतिक दलों के साढ़े 16 हजार करोड़ रुपये चंदे के चक्रव्यूह में फंसे होने की बात कही। आकाश आनंद ने पुलिस भर्ती के पेपर लीक मामले सहित सरकार के कई मामलों की चर्चा करते हुए मतदाताओं से वोट की कीमत समझने की सलाह दी।
नगीना लोकसभा सीट के प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सरकार ने लोगों को हिंदू-मुस्लिम में बांटा है। मंदिर-मस्जिद की राजनीति से संविधान खतरे में आ गया है, संविधान को बचाने की जरूरत है।