धामपुर में भाजपा समर्थित क्षमा हेमलता चौहान की जीत
धामपुर। अल्हैपुर विकास क्षेत्र में ब्लाक प्रमुख के पद को लेकर शनिवार को संपन्न हुए मतदान में भाजपा समर्थित प्रत्याशी क्षमा हेमलता चौहान नौ वोटों से चुनाव जीती हैं। कुल पड़े 124 वोटों में से 65 वोट भाजपा समर्थित प्रत्याशी क्षमा हेमलता चौहान को मिले जबकि निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. कुसुम रघुवंशी को 56 वोट मिले। तीन वोट कैंसिल हो गए।
जिला प्रशासन द्वारा मतदान को पूरी तरह से निष्पक्ष व पारदर्शिता के साथ संपन्न करने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। मुरादाबाद मार्ग पर आरएसएम कालेज के तिराहे से रानी बाग पुलिस चौकी तक 10 स्थानों पर बैरियर लगाकर राजस्व और पुलिस विभाग की टीम को मतदाता पहचान के लिए लगाया गया था। पांच मतदाताओं को पुलिस टीम की ओर से मतदान स्थल तक ले जाने और वोट डलवाने के बाद फिर संबंधित बैरियर पर ही छोड़ने की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक मतदाता की आईडी और बीडीसी प्रमाण पत्र के साथ चेकिंग करने के बाद मतदान के लिए प्रवेेश दिया जा रहा था। एसपी पूर्वी अनित कुमार, एडीएम अवधेश मिश्रा मतदान संपन्न होने तक ब्लॉक में ही जमे रहे। मतदान सवा 11 बजे शुरू हो गया था। जो एक बजकर 40 मिनट पर संपन्न हो गया।
डीएम उमेश कुमार मिश्रा और एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने मतदान स्थल का कई बार भ्रमण किया। 12:00 बजे तक 50 प्रतिशत मतदान संपन्न हो चुका था । 1.40 बजे शतप्रतिशत मतदान होने के बाद 3.30 बजे मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा कर दी गई। एआरओ राजेंद्र सिंह के अनुसार, कुल 124 वोटों में से 65 वोट क्षमा हेमलता चौहान को मिले जबकि 56 वोट निर्दलीय प्रत्याशी डॉ कुसुम रघुवंशी को मिले हैं। तीन वोट कैंसिल हो गए। एडीएम अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ब्लाक प्रमुख को जीत का प्रमाण पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम उमेश कुमार मिश्रा द्वारा दिया जाएगा।
ड्रोन कैमरे से रखी जा रही थी नजर
धामपुर में ब्लाक प्रमुख पद के मतदान के लिए पुलिस प्रशासन की पुख्ता व्यवस्था थी। ब्लाक कार्यालय से एक किमी दूर तक सत्ता पक्ष या विपक्ष का कोई भी कार्यकर्ता या समर्थक ब्लॉक के पास तक से नहीं फटक सका। ड्रोन कैमरे से मतदान के बाहर एक किमी दूर तक होने वाली हर प्रकार की गतिविधियों पर निगाह रखी जा रही थी। मतदान को संपन्न कराने के लिए एसडीएम धीरेंद्र सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय कुमार अग्रवाल, नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव व बीडीओ अमरीश कुमार शर्मा सहित करीब साढ़े 350 से ज्यादा पुलिसअधिकारी और कर्मी तैनात रहे।
जीत के प्रति आश्वस्त थी: क्षमा हेमलता चौहान
नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख क्षमा हेमलता चौहान ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि कि वह विकास क्षेत्र के गांवों का बगैर किसी भेदभाव के विकास करने में कोई कोताही नहीं बरतेगी। वह जीत के प्रति पहले से ही पूरी तरह से आश्वस्त थी। सही मायने में उनकी जीत क्षेत्र की जनता की जीत है। निर्वाचित होने के बाद ब्लाक प्रमुख को पुलिस की सुरक्षा में उनके घर पहुंचाया गया।