चांदपुर। भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य ने क्षेत्राधिकारी को शिकायत कर दो लोगों पर झूठा मुकदमा में फंसाने व पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। गांव कमालपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वह जिला पंचायत सदस्य चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। विपक्षी उनकी छवि खराब करने के इरादे से साजिश रच रहे हैं। आरोपी ने 16 अप्रैल को फर्जी घटना गढ़कर थाने में शिकायत की। इसमें उन पर गालियां देने, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। सच्चाई यह है कि वह 15 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट से अयोध्या गए थे, रात अयोध्या में बिताई, 16 अप्रैल को लखनऊ पहुंचे व शाम स्वर्ण शताब्दी से दिल्ली लौटे। 17 अप्रैल सुबह चार बजे ही चांदपुर लौटे। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ता भी साथ थे। 17 अप्रैल दोपहर अजदेव रामलीला मंच के पास आरोपी का भाई बाइक पर आया व बोला, कि मेरे भाई ने 16 अप्रैल को तुम्हारे खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। यदि तुम पांच लाख रुपये दो तो शिकायत वापस ले लेंगे, वरना बदमाशों से मरवा देंगे। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।