शेरकोट। थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरदीवाला में खेत पर जा रहे किसान पर गुलदार ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव निवासी ऋषिपाल सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह उनका बेटा करण सिंह मजदूरी करने के लिए गांव के पास ही खेत पर जा रहा था। मार्ग पर झाड़ियों ने घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक करण सिंह पर झपट्टा मार दिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। भीड़ को देखकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। गुलदार के हमले में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वनविभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। उधर वन विभाग के डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने ग्रामीणों को जंगल में काम करते समय अलर्ट रहने का सुझाव दिया है।