बिजनौर। जिले की बिलाई, चांदपुर, बिजनौर और नजीबाबाद चीनी मिल पर गन्ना मूल्य भुगतान चल रहा है। इनमें सबसे ज्यादा बिलाई चीनी मिल पर 147 करोड़ 06 लाख रुपये बकाया भुगतान चल रहा है। इसके अलावा चांदपुर चीनी मिल पर 27.32 करोड़ रुपये, बिजनौर चीनी मिल पर 16.95 करोड़ रुपये, नजीबाबाद चीनी मिल पर 4.65 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। विभाग के अनुसार गत शनिवार के आंकड़ों के अनुसार जिले की बिलाई चीनी मिल ने 39.14 प्रतिशत, चांदपुर चीनी मिल ने 83.47 प्रतिशत, बिजनौर मिल ने 87.04 प्रतिशत और नजीबाबाद चीनी मिल ने 95.24 प्रतिशत चालू पेराई सत्र में खरीदे गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है।
जनपद में दो लाख 55 हजार हेक्टेयर गन्ना क्षेत्रफल है। इन गन्ना पेराई के लिए जिले में दस चीनी मिल संचालित है। इसके अलावा जिले में सैकड़ों पावर कोल्हू, क्रेशर संचालित हो रहे हैं। जनपद की छह चीनी मिल गन्ना खरीद का ही नहीं, बल्कि एडवांस में गन्ना मूल्य भुगतान कर रही है। इन चीनी मिलों में धामपुर, स्योहारा, बहादरपुर, बरकातपुर, बुंदकी, चांगीपुर चीनी मिल शामिल है। जिला गन्ना अधिकारी पीएन सिंह ने बताया कि चीनी मिलों से खरीदे गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर कराया जाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। करीब छह चीनी मिलें गन्ना मूल्य भुगतान करने में एडवांस चल रही हैं।
-इन चीनी मिलों पर बकाया भुगतान
बिलाई चीनी मिल पर 147.06 करोड़ रुपये
चांदपुर चीनी मिल पर 27.32 करोड़ रुपये
बिजनौर चीनी मिल पर 16.95 करोड़ रुपये
नजीबाबाद चीनी मिल पर 4.65 करोड़ रुपये