ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दंपती की मौत
किरतपुर (बिजनौर)। नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार रात भनेड़ा के पास बाइक सवार दंपती को ट्रक ने रौंद दिया। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राहगीरों की मदद से पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भिजवाया। जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे रामपाल (50) पुत्र सर्वजीत पत्नी रामवती (45) निवासी अकबरपुर चौगांवां बाइक से गांव जा रहे थे। जब यह दोनों भनेड़ा गांव के समीप पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिए। सीओ नजीबाबाद गजेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सड़क दुर्घटना में दंपती की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर थाने में नहीं दी गई है।
ट्राली के नीचे दबकर युवक की मौत
बढ़ापुर। क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक की ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
ग्राम रसूलपुर मुजफ्फरनगर निवासी रईस अहमद का पुत्र मोहम्मद अजीम भूसा खरीदने व बेचने का कार्य करता था। बृहस्पतिवार की शाम अजीम अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से भूसा भरकर लाने के लिए क्षेत्र के मोजा गंगारामवाला (छैल पीपली) स्थित एक किसान के खेत पर गया था। बताते है कि ट्राली में भूसा भरने के बाद चलने के समय अजीम ट्रैक्टर चालक के पास की सीट पर बैठ गया। ट्रैक्टर के चलते ही ट्राली में भूसे के भार के कारण ट्रैक्टर के आगे के दोनों पहिये ऊपर की ओर उठे तो ट्रैक्टर पर बैठा अजीम झटका लगने पर ट्रैक्टर से नीचे आ गिरा और ट्राली के नीचे दबने से अजीम (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अविवाहित था। परिजन कोई कार्रवाई किये बिना मृतक के अंतिम संस्कार की तैयारी में लगे है।