नूरपुर (बिजनौर)। मुरादाबाद हाईवे पर गांव गोहावर में कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मृतक आपस में चाचा भतीजे थे।
गांव गोहावर जैत निवासी विपिन (37) पुत्र ऋषिपाल, समरपाल (58) पुत्र रामस्वरूप, सुरेश (40) पुत्र घनश्याम शनिवार की दोपहर मुरादाबाद हाईवे पर गांव के ही भट्टे से मजदूरी करके बाइक द्वारा घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरि हास्पिटल के सामने मुरादाबाद की ओर से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दोनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरेश के शव को कब्जे में लेकर दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां उपचार के दौरान समरपाल ने भी दम तोड़ दिया।
चिकित्सकों ने विपिन की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर कर दिया। दोनों मृतक आपस में चाचा भतीजे बताए जाते हैं। अस्पताल में परिजनों के पहुंचने पर वहां कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया है। घटना की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।