धामपुर। शनिवार देर रात करीब 12 बजे नेशनल हाईवे 74 पर राजपूताना के पास शेरकोट की तरफ से आ रही बाइक में एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सवार 40 वर्षीय अशफाक की मौत हो गई जबकि उसका साथी नंगली लाडन निवासी अरविंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने अरविंद की हालत भी चिंताजनक बताई है।
थाना क्षेत्र के गांव नंगली लाडन निवासी गंभीर रूप से घायल अरविंद कुमार के चाचा करण सिंह ने बताया कि उनका भतीजा धामपुर में गुलमोहर में नौकरी करता है। वह किसी कार्य से पड़ोस के गांव बगदाद अंसार निवासी 40 वर्षीय अशफाक पुत्र हाजी खुर्शीद के साथ बाइक से शेरकोट गया था। रात्रि 12 बजे के आसपास लौटते वक्त हाईवे 74 पर राजपूताना के पास शेरकोट की ओर तेज गति से आ रही एक एंबुलेंस गाड़ी और बाइक में टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार अरविंद और अशफाक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई।
दोनों घायलों को कोतवाली पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत को चिंताजनक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। मुरादाबाद में उपचार के दौरान अशफाक की मौत हो गई जबकि अरविंद गंभीर रूप से घायल है जिसका उपचार कराया जा रहा है। चालक एंबुलेंस मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है। दरोगा प्रदीप कुमार खोखर का कहना है कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।