संवाद न्यूज एजेंसी डिलारी (मुरादाबाद)। क्षेत्र के सुरजननगर मार्ग पर मलकपुर सैमली गांव में दोपहर लगभग डेढ़ बजे ओवरलोड गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राॅली ने आगे जा रही बाइक को लापरवाही के साथ टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक अतुल कुमार (28) मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
बिजनौर जनपद के थाना शेरकोट क्षेत्र के गांव हफिजावाद विहारीपुर निवासी अमन कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उनके बड़े भाई अतुल कुमार पुत्र लेखराज सिंह त्रिवेणी शुगर मिल में ड्यूटी करने के लिए जा रहे थे। मलकपुर सैमली गांव के पास पीछे से ओवरलोड गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी।
घटना में अतुल की मौके पर मौत हो गई और पीछे साथ बैठा दोस्त आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के भाई अमन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।