-एसपी और अन्य पुलिस अफसरों ने दी शोक सलामी
- शाहजहांपुर के गांव उदयपुर कटैया का रहने वाला था सिपाही
फोटो...
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। मंडावर थाने में तैनात बाइक सवार सिपाही को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन में सिपाही को सलामी दी। उनके परिजनों को ढांढस बंधाया।
जिला शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के गांव उदयपुर कटैया निवासी अमरनाथ पुत्र मलखान सिंह बिजनौर के मंडावर थाने में तैनात थे। अमरनाथ साल 2011 में सिपाही पद पर भर्ती हुआ थे। सिपाही अमरनाथ सोमवार की देर शाम डाक लेकर बिजनौर के लिए निकले। बाइक सवार सिपाही मंडावर-बिजनौर रोड पर जिला अस्पताल के पास पहुंचा तो किसी वाहन ने टक्कर मार दी।
लहूलुहान हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर लगते ही शहर कोतवाल नरेंद्र गौड़ और मंडावर थाना प्रभारी संजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उसके परिजनों को खबर दी गई। मृतक सिपाही अपने पीछे तीन बेटियों और पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। उधर, साथी पुलिसकर्मियों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमार्टम के बाद सिपाही अमरनाथ का शव पुलिस लाइन में ले जाया गया। जहां एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी देहात राम अर्ज, सीओ सिटी अनिल कुमार आदि ने सलामी दी। मृतक की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। पुलिस अफसरों ने सिपाही की अंतिम यात्रा में कंधा भी दिया।