बिजनौर की नगर पंचायत साहनपुर में साफ पड़ी सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बिजनौर जिले की साहनपुर नगर पंचायत यूपी में सफाई की सिरमौर बनी है। इससे पहले साहनपुर नगर पंचायत सूबे में सबसे पहले ओडीएफ घोषित की गई थी। केंद्र सरकार की ओर से कराए गए स्वच्छता सर्वेक्षण में साहनपुर नगर पंचायत सफाई में नंबर वन बनी है। नॉर्थ जोन में भी साहनपुर ने 19वीं रैंक हासिल की है।
केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए स्वच्छ भारत मिशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में लोगों की सहभागिता भी तय की गई है। नागरिकों को पॉलीथिन आदि का प्रयोग न करने, कूड़ा कूड़ेदान में ही डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साल की शुरूआत में केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छता से जुड़ा सर्वे कराया गया था। सर्वे में सफाई व्यवस्था का जायजा तो लिया ही गया था, नागरिकों से भी पालिका व पंचायत कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे सफाई कार्य के बारे में पूछा गया था। वेस्ट यूपी की सभी 199 नगर पालिकाओं व 438 नगर पंचायतों में ये सर्वे किया गया था। इस सर्वे के आधार पर यूपी व नॉर्थ जोन की एक सूची बनाई गई है। इस सर्वे में जिले की साहनपुर नगर पंचायत को यूपी में सफाई में नंबर वन चुना गया है। प्रथम दस सबसे साफ शहरों में अफजलगढ़ व किरतपुर ने भी जगह बनाई है। अफजलगढ़ को सर्वे में पांचवें नंबर पर व किरतपुर को नवें नंबर पर रखा गया है। नॉर्थ जोन में स्वच्छता सर्वेक्षण में यूपी के अलावा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड को भी शामिल किया गया था। यानि एक साथ छह राज्यों में स्वच्छता से जुड़ा सर्वे किया गया। इस सूची में जिले की साहनपुर का नवीं रैंक हासिल करना बड़ी उपलब्धि है।
रात में भी होती है सफाई
साहनपुर को यूपी में सबसे पहले ओडीएफ घोषित किया गया था। साहनपुर की ईओ सीमा वर्मा के अनुसार यहां सफाई कर्मचारी बाजार के कुछ क्षेत्र में रात में भी सफाई करते हैं। जनता भी सड़कों पर कूड़ा नहीं डालती है। सुबह-शाम दोनों समय की पाली में कूड़ा सड़क से उठाया जाता है। सर्वे करने वाले अतिरिक्त जिला कार्यक्रम प्रबंधक नदीम अख्तर के अनुसार बिजनौर की साहनपुर नगर पंचायत में सर्वे में यूपी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह नगर पालिका व पंचायतों के लिए एक मिसाल है।
शहर यूपी की रैंक नॉर्थ जोन की रैंक
साहनपुर 01 19
अफजलगढ़ 05 28
किरतपुर 09 56
चांदपुर 13 72
बिजनौर 14 74
मंडावर 23 91
शेरकोट 25 98
स्योहारा 29 105
बढ़ापुर 32 113
जलालाबाद 39 123
हल्दौर 52 159
नगीना 54 163
नजीबाबाद 65 193
झालू 70 205
धामपुर 85 235
नहटौर 140 352
नूरपुर 145 356
सहसपुर 158 378
नोट: उक्त आंकड़े एडिशनल जिला कार्यक्रम प्रबंधक से लिए गए हैं।