गांव ककराला में महिला की हत्या
खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई महिला की हत्या कर दी गई। उसका शव खेत में पड़ा मिला। दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। उधर, शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिजनौर के गांव ककराला निवासी सुनील कुमार हरिद्वार में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसका परिवार गांव में ही रहता है। उसके दो छोटे पुत्र हैं। परिजनों के मुताबिक सुनील की पत्नी कुमकुम (27) मंगलवार सुबह जंगल से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। लेकिन दोपहर तक घर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। गांव से लेकर जंगल तक महिला की तलाश की गई तो उसका शव गांव निवासी एक व्यक्ति के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। मौके पर गांववासियों की भीड़ जमा हो गई। शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
वहीं गांववासियों व परिजनों ने शव की हालत देख दुष्कर्म कर हत्या करने की आशंका जताई है। सीओ सुनीता दहिया, थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।