भाकियू के जिला उपाध्यक्ष मुनेंद्र सिंह निवासी सिविल लाइन सेकेंड ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा गौरव चौधरी, उसका दोस्त सूर्यप्रताप और अनिकेत रविवार देर शाम नजीबाबाद से लौट रहे थे। आरोप है कि दो युवकों ने फोन करके उन्हें बिजनौर में एचपी गैस एजेंसी के पास पेट्रोल पंप पर बुलाया। जहां पहले से ही कई युवक घात लगाए बैठे थे।
गौरव चौधरी, सूर्यप्रताप और अनिकेत पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। तीनों घायल हो गए। गौरव चौधरी और सूर्यप्रताप की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में नजर आ रहा है कि आरोपी पहले से ही घात लगाए खड़े थे। भाकियू जिलाध्यक्ष पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।
बैनर फाड़ने पर चल रही थी तनातनी
बिजनौर में 24 अक्तूबर को राकेश टिकैत ने जनसभा की थी। उस वक्त नुमाइश ग्राउंड में बैनर भी लगाए गए। सूत्रों का दावा है कि एक भाकियू पदाधिकारी गुट के युवकों ने नुमाइश ग्राउंड से दूसरे पदाधिकारियों के फोटो लगा बैनर फाड़ दिया था। दोनों गुटों ने ही एक दूसरे के बैनर फाड़े थे। अब इस मारपीट को बैनर फाड़ने की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
सीओ सिटी संग्राम सिंह का कहना है कि मारपीट के मामले की तहरीर मिली है। जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।