बिजनौर की बेटी का विश्व कप में रहा शानदार प्रदर्शन
कोतवाली देहात (बिजनौर)। भारतीय टीम में शामिल मेघना जिले का खूब नाम रोशन कर रही है। हालांकि न्यूजीलैंड में चल रहे महिला विश्व कप में रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका से हारकर विश्व कप से बाहर हो गई। इस मुकाबले में मेघना सिंह ने अच्छा प्रदर्शन किया। मेघना के परिजनों का कहना है कि यह शुरुआत थी। भविष्य में मेघना और भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।
न्यूजीलैंड में चल रहे महिला क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 3 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 274 रन बनाए। जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने बल्लेबाजी करते हुए 275 रन बनाकर 3 विकेट से मैच जीत लिया। कोतवाली देहात की बेटी मेघना सिंह ने 6 ओवरों में 37 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई सफलता हासिल नहीं हुई। मैच हार जाने के बाद मेघना के दादा प्रेमपाल सिंह ने कहा कि मेघना का प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन भारतीय टीम किस्मत से हार गई। भारतीय क्रिकेट टीम ने तीन मैच जीते। जबकि चार मैचों में भारतीय टीम को हार मिली। मेघना सिंह ने एक मैच में 3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। मेघना सिंह का यह पहला विश्वकप था।
मेघना की मां रीना देवी ने बताया कि मेघना ने विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया। मेघना ने कोतवाली देहात ही नहीं पूरे जिले और देश का नाम रोशन किया है। खेल में जीत और हार चलती रहती है। यह खेल का हिस्सा है। भविष्य में भारतीय क्रिकेट टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। साथ ही मेघना भी अपनी कमियां दूर कर खेल प्रतिभा को निखारेगी।