बिजनौर में आवास विकास के पास खस्ताहाल रिंगरोड।
- फोटो : BIJNOR
रिंग रोड पर गन्ना ढुलान से खड़े किए हाथ
बिजनौर। सड़कों की बद से बदतर हो चुकी हालत से किसानों को परेशानी उठानी पड़ेगी। जिले के ट्रांसपोर्टरों ने जिला मुख्यालय की प्रमुख सड़क रिंग रोड पर गन्ने की ढुलाई से इंकार कर दिया है। इस सड़क पर एक एक फीट गहरे गड्ढे हो चुके हैं। ट्रांसपोर्टरों के इंकार से चीनी मिल मालिकों ने पीडब्लूडी के अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र में सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
रिंग रोड जिला मुख्यालय की प्रमुख सड़क है। दिन में भारी वाहनों को शहर में आने देने के बजाए बाहर से निकालने के लिए इस सड़क का प्रयोग किया जाता है। प्रशासन सभी सड़कों की हालत अच्छी होने का दावा करता है, लेकिन जिला मुख्यालय की इस प्रमुख सड़क की हालत ट्रांसपोर्टरों ने बयान कर दी है। ट्रांसपोर्टरों ने बिजनौर चीनी मिल से जुड़े चौकी गोकलपुर के किसानों का क्रय केंद्र से गन्ना ढोने से हाथ खड़े कर दिए हैं। इसकी वजह है रिंग रोड में हो चुके एक-एक फीट गहरे गड्ढे। रिंग रोड पर बने सेंटर के गन्ने को इसी रास्ते से बैराज रोड पर ले जाकर मिल पर पहुंचाया जाता है। लेकिन सड़कों की हालत ऐसी नहीं बची है कि गन्ने से लदी ट्राली या ट्रक इस सड़क पर चल सकें। चौकी गोकलपुर से काफी संख्या में किसान जुड़े हैं। इनका गन्ना क्रय केंद्र के जरिए रिंग रोड से होकर ही जाता है।
चीनी मिल के जीएम ने पीडब्लूडी को लिखा पत्र
बिजनौर चीनी मिल के जीएम केन राहुल चौधरी के अनुसार सड़क की मरम्मत के लिए पीडब्लूडी को पत्र लिखा गया है। बिना सड़क की मरम्मत यहां से गन्ना नहीं ले जाया जा सकेगा। भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह के अनुसार मिल चलने से पहले ही सड़कों की मरम्म हो जानी चाहिए। किसान को किसी तरह की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।