बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर राजौरी के निकट गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। भूतपुरी-ठाकुरद्वारा मार्ग पर चल रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी।
बस में थीं सिर्फ चार सवारियां
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे निजी बस भूतपुरी से ठाकुरद्वारा के लिए रवाना हुई थी। सुआवाला से बस में केवल चार सवारियां सवार हुई थीं। कुछ दूरी तय करने के बाद ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी।
यह भी पढ़ें: सोनू कश्यप हत्याकांड: परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को रोका, पुलिस ने सीमा से लौटाया
सवारियों को आई मामूली चोट
हादसे में बस सवार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि बस में अधिक सवारी नहीं थीं और सामने से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक के नशे में होने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक अत्यधिक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।