बिजनौर कोतवाली देहात से जा रहे डाक कांवड़ के जत्थे को कोतवाली देहात पुलिस ने अधिक ऊंचाई बताते हुए रोक लिया। इस पर कांवड़ियों ने थाने के सामने हंगामा कर दिया। ऊंचाई नापने के बाद पुलिस ने कावड़ के जत्थे को जाने दिया।
शनिवार दोपहर को मेरठ के कांवड़ियों का एक जत्था कोतवाली देहात से जा रहा था। जैसे ही जत्था थाना कोतवाली देहात के सामने पहुंचा तभी थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने डाक कांवड़ की ऊंचाई अधिक देख जत्थे को रोक लिया।
जत्थे में मौजूद गौरव सैनी, विकास सैनी, सैंकी सैनी, विशाल सैनी ने पुलिस कर्मियों से कहा कि उनके डाक कावड़ की ऊंचाई सरकारी मानक के अनुसार है। इस दौरान कावड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों को नोएडा पुलिस का एक आदेश भी मोबाइल में दिखाया जिसमें बताया गया था कि डाक कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट तथा चौड़ाई 8 फुट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद डाक कांवड़ की ऊंचाई नापी गई। ऊंचाई मानक के अनुसार मिलने पर पुलिस ने कावड़ियों के जत्थे को जाने दिया। एसएसआई उमेश चंद ने बताया कि देखने में डाक कांवड़ ऊंची लग रही थी, इसलिए जत्थे को रोककर डाक कांवड़ की ऊंचाई नापी गई। ऊंचाई मानक के अनुसार मिलने पर कांवड़ियों को रवाना कर दिया गया। इस दौरान सौरभ सैनी, अमित सैनी, राहुल सैनी आदि मौजूद रहे।