Food Poisoning: कनकपुर कलां में चाट खाने के बाद ग्रामीणों को फूड प्वाइजनिंग हो गई। उल्टी-दस्त से हालत खराब होने पर सीएचसी ले जाकर इलाज शुरू कराया गया। बीमार ग्रामीणों में ज्यादातर बच्चे हैं।
नजीबाबाद के गांव कनकपुर कलां में मंगलवार रात चाट खाने से ग्रामीणों में उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। हालत बिगड़ी तो पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर ले जाया गया। पीड़ितों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं।
विज्ञापन
अस्पताल में भर्ती कराए बीमार ग्रामीण और सूचना पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
तहसील के गांव कनकपुर कलां में रात्रि लगभग आठ बजे ग्रामीणों को अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हुई। देखते ही देखते कई परिवारों के बच्चों में फूड प्वाइजनिंग से उल्टी- दस्त शुरू हो गए।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर उपचार दिलाया गया। बीमारों की संख्या लगभग 40 बताई जा रही है। इनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। चार वर्ष से सात वर्ष आयु के पांच बच्चों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। इनमें मुलफैज, इल्मा, सनूबी, अरहमा, अली शामिल हैं। बीमारी में रेशमा, आलिया, अलीना, समरीन अफीफा, नगमा, यासमीन, नरगिस, सहित करीब 40 ग्रामीण शामिल हैं। पेट दर्द के कारण बच्चे बुरी तरह तड़पते रहे। उनके मां-बाप उन्हें गोद में लिए बैठे रहे।
ग्रामीणों ने बताया जाता है कि गांव में बिकने वाली चाट आदि खाने के कुछ घंटों के बाद ग्रामीणों को उल्टी दस्त की शिकायत शुरू हुई। रात होते-होते बीमारी की संख्या बढ़ती गई। सूचना मिलते ही सीओ नितेश प्रताप सिंह थाना प्रभारी धीरज सोलंकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फूड पॉइजनिंग के पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों डॉ. इंद्राज सिंह, डॉ. नवनीत, डॉ. दिलशाद अहमद की टीम ने बीमारों को उपचार दिया।