हरेवली में एक शिक्षक ने लंबी बीमारी से तंग आकर सुसाइड कर लिया। उन्होंने अपने सिर में गोली मारी। शिक्षक का इकलौता बेटा मानसिक रूप से दिव्यांग है। वहीं दो छोटी बेटियां हैं। अब परिवार का कोई सहारा नहीं बचा है। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है।
काजल ने बताया कि उसके पिता प्रकाश वीर (44) पुत्र प्यार सिंह हरेवली में स्थित सावित्रीबाई फुले इंटर कॉलेज में पिछले 12 साल से कार्यरत थे। वह तीन साल से बीमारी से ग्रस्त थे। मेरठ, मुरादाबाद, जयपुर, काशीपुर आदि के डॉक्टरों से उपचार करा रहे थे, लेकिन आराम नहीं मिल रहा था। एक साल से विद्यालय से छुट्टी लेकर घर पर रह रहे थे। रविवार को उन्होंने अपने कमरे में कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मार ली। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मौके पर मिला सुसाइड नोट
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पास ही एक सुसाइड नोट पड़ा मिला, जिसमें लिखा था कि मैं बीमारी से तंग होने से आत्महत्या कर रहा हूं। अब इस बीमार शरीर के साथ जीना असंभव है।
बेटा भी मानसिक रूप से दिव्यांग
मृतक शिक्षक प्रकाश वीर की दो बेटी और एक बेटा है। बेटा भी मानसिक रूप से दिव्यांग है। ऐसे में परिवार को सहारा देने वाला कोई नहीं रहा। बेटियों को कंधे पर परिवार का बोझ आ गया है। मौके पर पहुंचे अफजलगढ़ परिक्षेत्र के क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।