मंडावली के गांव शेखूपुरा आलम में ट्यूशन पढ़कर लौट रहे दसवीं के छात्र आशु पर गुलदार (तेंदुए) ने हमला कर दिया। छात्र का शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। छात्र बाल-बाल बचा।
गांव शेखूपुरा आलम में मंगलवार रात करीब नौ बजे संतराम का पुत्र आशु सैनी (15) गांव के अंकित कुमार के घर ट्यूशन के लिए गया था। आशु कक्षा-10 का छात्र है। ट्यूशन से छूटने के बाद आशु घर की ओर लौट रहा था। जैसे ही आशु ग्रामीण मेहर सिंह के घर के पास पहुंचा तो उसे एक गुलदार कुत्ते पर हमला करता दिखाई दिया। आशु को देखकर गुलदार कुत्ते को छोड़ उसकी ओर लपका।
आशु शोर मचाते हुए भागा। उसका शोर सुनकर अमर सिंह, मेहर सिंह, सतीश प्रजापति सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ को देखकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। आबादी क्षेत्र में गुलदार देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वानिकी विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़ने की मांग की।
उधर, सामाजिक वानिकी विभाग के डिप्टी रेंजर हरगोविंद सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। जल्द ही गुलदार पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाया जाएगा।