बिजनौर के नगीना क्षेत्र के ग्राम काजीवाला में महिला को मौत के घाट उतारने वाला गुलदार आखिरकार पिंजरे में कैद हो गया। शनिवार की सुबह शौच को जंगल गई एक महिला को मौत के घाट उतारने वाले गुलदार को आखिर वन विभाग की टीम ने घटना के 55 घंटे बाद पिंजरे में कैद कर ही लिया।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे खेत पर शौच के लिए गई मिथलेश देवी (40) पर गुलदार ने जानलेवा हमला कर उसकी जान ले ली थी। गुलदार महिला की गर्दन को खा गया था। इस घटना के बाद गुलदार को पकड़ना वन विभाग के लिए एक चुनौती बन गया था।
यह भी पढ़ें: Meerut News: हाजी याकूब की 31 करोड़ 70 लाख की संपत्ति जल्द होगी जब्त, 32 वाहन भी हैं शामिल
आनन-फानन में वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरा लगाने के साथ-साथ ड्रोन कैमरे की भी मदद ली थी लेकिन वन विभाग के आला अधिकारियों के हाथ उस समय फूल गए जब शनिवार की रात्रि गुलदार पिंजरे के आसपास घूम कर वापस लौट गया। हद तो तब हो गई जब रविवार की रात्रि गुलदार ने ग्राम काजीवाले की घनी आबादी में भी घुसकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा ग्राम वासियों को डरा दिया था।
वन विभाग की टीम ने सोमवार को गुलदार को पकड़ने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा लिया तथा दोपहर करीब 2 बजे गुलदार आखिर पिंजरे में कैद हो ही गया। गुलदार के पकड़े जाने के बाद वन विभाग की टीम व गांव वालों ने राहत की सांस ली। गुलदार को पकड़ने के बाद वन विभाग की टीम उसे अमानगढ़ के जंगल में छोड़ने चली गई।