- व्यवस्था बनाने में जुटे अधिकारी, 26 से होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं आज से दो पालियों में शुरु हो रही है। विभाग की ओर से परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र विद्यालयों में भिजवा दिए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था विद्यालय के मुख्याध्यापक को ही करनी होगी।
जिले में 1354 प्राथमिक विद्यालय, 376 उच्च प्राथमिक विद्यालय, कंपोजिट 389 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें दो लाख दस हजार छात्र-छात्राएं वार्षिक परीक्षा में बैठेंगे। विभाग की ओर से विद्यालयों में प्रश्नपत्र भेज दिए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं की व्यवस्था विद्यालय ही करेंगे। शिक्षकों का कहना है कि गत शैक्षिक सत्र में भी विद्यालयों में उत्तर पुस्तिकाएं खरीदी थीं, लेकिन सभी विद्यालयों का लाखों रुपये बजट अभी तक नहीं आया है। इस बार भी उन्हें व्यवस्था करनी होगी।
जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) विवेक बंसल ने बताया कि सभी प्रश्नपत्र विद्यालयों को भेज दिए गए हैं। परीक्षाएं दो पालियों में संपन्न होगी। बताया कि 26 से 30 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तथा रिजल्ट तैयार किया जाएगा। 31 मार्च को सभी परिषदीय विद्यालयों में रिजल्ट का वितरण किया जाएगा। बताया कि कक्षा एक के छात्र-छात्राओं की मौखिक परीक्षा आयोजित होगी।