चांदपुर। भाकियू की पंचायत में वक्ताओं ने किसान समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने की मांग की।
बृहस्पतिवार को गन्ना समिति परिसर में ब्लाक अध्यक्ष रामपाल सिंह की अध्यक्षता व चौधरी लुधियान सिंह के संचालन में हुई पंचायत में वक्ताओं ने बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि नजीबाबाद में आदमखोर गुलदार को किसानों ने आत्मरक्षा में मारा है। यदि प्रशासन की ओर से किसी किसान के खिलाफ कार्रवाई की गई तो भाकियू मुंहतोड़ जवाब देगी।
वक्ताओं ने किसानों से इलाहाबाद शिविर में चलने के लिए 15 जनवरी को नजीबाबाद स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए सवा चार बजे पहुंचने की अपील की। वक्ताओं ने पुलिस से चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव पीपलसाना के नलकूप से पानी फेंककर पाइपों की हो रही चोरी पर रोक लगाने की मांग की। जंगली जानवरों से निजात दिलाने, स्याऊ फीडर से रावटी निवासी रोहिताश के कुएं तक जा रही विद्युत लाइन ठीक कराने की मांग की गई। दलेल सिंह, अशोक कुमार, खुशपाल सिंह, शीशपाल सिंह, सोमपाल सिंह, मलखान सिंह, सुभाष सिंह, महीपाल सिंह, चेतन सिंह, मुखिया रामफल सिंह, भोपाल सिंह आदि मौजूद रहे।