बहू ने की सास की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
घर का सामान अंदर रखने को लेकर हुआ विवाद
कमल की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, वह मजदूरी करता है। उसकी शादी करीब 15 साल पहले अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव हरपुर निवासी प्रीति से हुई थी। घर में कमल, उसकी पत्नी, तीन बच्चे और मां ओमवती रहती थीं।
रविवार सुबह करीब आठ बजे कमल मजदूरी के लिए हवीबवाला गांव चला गया था। दोपहर करीब एक बजे वह खाना खाने घर आया और करीब एक घंटे बाद फिर काम पर चला गया। कमल के अनुसार, करीब 3:15 बजे उसकी पत्नी प्रीति ने फोन कर बताया कि उसकी मां को चोट लग गई है।
बहू ने की सास की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
बेटे का आरोप- जमीन पर पटका, फिर दबाया गला
कमल के घर पहुंचने पर उसकी मां बरामदे में जमीन पर पड़ी थी। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि बारिश के दौरान ओमवती ने घर का सामान बारिश से बचाने के लिए अंदर रखने को कहा था। इस बात को लेकर प्रीति नाराज हो गई।
कमल का आरोप है कि गुस्से में प्रीति ने उसकी मां के साथ मारपीट की, उन्हें जमीन पर पटक दिया और फिर गला दबा दिया। इससे ओमवती बेहोश हो गईं। कमल उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बहू ने की सास की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने आरोपी पुत्रवधू को किया गिरफ्तार
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नामजद आरोपी पुत्रवधू प्रीति को गिरफ्तार कर उसका चालान किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहू ने की सास की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
मां की मौत, पत्नी जेल गई; तीन बच्चों पर संकट
घटना के बाद परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार कमल का कोई दूसरा भाई नहीं है। मां ओमवती की मौत हो गई और पत्नी हत्या के आरोप में जेल चली गई। ऐसे में कमल के तीन बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी भी उसके सामने आ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि ओमवती परिवार को संभालती थीं और कमल के मजदूरी पर चले जाने के बाद घर में बच्चों की देखभाल में उनकी अहम भूमिका थी। मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला महिला की मौत तक पहुंच गया।