बिजनौर में कोटद्वार में मालन नदी का पुल टूटने के साथ साथ नजीबाबाद में भी एक बार मालन नदी के पुल पर खतरा मंडराता दिखाई दिया। पानी पुल को छूकर बहने लगा। आनन फानन पुल पर पुलिस की तैनाती कर दी गई। जिले के अधिकांश पुलों पर पुलिस फोर्स को लगाया गया है, वहीं बाढ़ ग्रस्त इलाकों में पुलिस ने ड्रोन से निगरानी की।
बृहस्पतिवार को एएसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी देहात राम अर्ज, सीओ चांदपुर सर्वम सिंह और प्रशासनिक अफसरों ने हस्तिनापुर नारनौर गंगा नदी की तरफ जाने वाले रास्ते को बैरियर लगाते हुए बंद कराया। दरअसल नारनौर गंगा नदी पुल का पहुंच मार्ग पहले की गंगा की धारा काट चुकी है।
इस पुल के पास बनी पांडव नगर पुलिस चौकी को बाढ़ का पानी भरने के कारण खाली कर दिया। इस इलाके में ड्रोन से निगरानी की गई। इसके बाद मालन नदी के जलस्तर में अचानक उफान आने की खबर मिली। वहीं कोटद्वार में मालन नदी का पुल टूटने की खबर जिले में पहुंची तो मालन की निगरानी बढ़ा दी गई।
नजीबाबाद के बड़िया में स्थित मालन नदी के पुल पर पुलिस को तैनात किया गया, वहीं नजीबाबाद हरिद्वार मार्ग पर नजीबाबाद में भी मालन नदी के पुल पर पुलिस तैनात कर दी गई। एसपी और एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह इस पुल का मुआयना करने के साथ साथ कोटावाली नदी के रपटे का मुआयना किया। यहां पर भी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
पुलिस ने रपटे पर बह रहे पानी के कारण वाहनों को खाली कराते हुए सावधानी पूर्वक निकलवाया जबकि इनमें सवार लोग बराबर में बंद पड़े पुल से पैदल गुजरे। उधर नगीना कोटद्वार मार्ग पर स्थित सूखरो नदी पुल के पहुंच मार्ग के धंसने के कारण यहां भी पुलिस तैनात की गई और रास्ते को बंद कराया गया।
हरिद्वार नहर बाईपास कई जगह से कटा
एसपी ने बताया कि समीपुर से हरिद्वार जाने के लिए बाईपास के रुप से जिस नहर पटरी सड़क का इस्तेमाला किया जाता है, वह कई जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ऐसे में पुलिस को तैनात किया गया है।
जिले में निकल रही सभी नदियों के पुलों पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। मालन, कोटावाली समेत अन्य पुलों पर पुलिस पहले से ही तैनात है। रात में पानी दिखाई भी नहीं देता, ऐसे में मौजूद पुलिसकर्मी निगरानी करते हुए वाहनों को सावधानी पूर्वक निकलवा सकेंगे। बैराज पर पीएसी पहले से ही तैनात है। एनडीआरएफ को भी बुलाया गया है। -नीरज कुमार जादौन, एसपी