गौरतलब है कि सोमवार को नगीना, धामपुर और स्योहारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इस गिरोह का सरगना अमरोहा जिले के नौगांवा कस्बे की नई बस्ती निवासी आरिफ बताया गया है, जो तमंचा और पिस्टल बनाने की फैक्ट्री संचालित करता था। इसके अलावा मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र के गांव उमरी कला निवासी शमीम उर्फ माइकल उर्फ मुन्ना को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जो हथियार खरीदकर बेचने का काम करता था।
पूछताछ में माइकल ने बताया था कि उसने आरिफ से एक पिस्टल खरीदकर मुरादाबाद के छजलैट-कांठ रोड निवासी एक चिकित्सक को बेची है। इसी सूचना के आधार पर स्योहारा पुलिस ने मंगलवार को डॉ. परवेज मालिक पुत्र मोहम्मद आकिल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार डॉ. परवेज मालिक ने चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई की है और छजलैट क्षेत्र में अपना अस्पताल चलाते हैं, जहां वह मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर भी हैं। सीओ धामपुर अभय कुमार पाण्डेय ने बताया कि डॉ. परवेज मालिक ने यह पिस्टल माइकल से 40 हजार रुपये में खरीदी थी, जिसे अमरोहा के नौगांवा निवासी हथियार तस्कर आरिफ ने बनाया था। आरोपी के पास कोई लाइसेंसी हथियार नहीं था, इसलिए उसने अपनी सुरक्षा के लिए अवैध पिस्टल खरीद ली थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ये भी देखें...
Israel-Iran War: गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित, मेरठ, बिजनौर, शामली, बागपत और सहारनपुर में परेशानी