प्रियंका हत्याकांड में दोषी पाते हुए उसके प्रेमी नौबहार उर्फ निव को आजीवन कारावास एवं 30 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। प्रेमी नौबहार ने कहासुनी होने पर प्रेमिका को स्टोन कटर से काट डाला था।
थाना बढ़ापुर के गांव कोपा निवासी दयावती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25/26 सितंबर 2021 की रात करीब ढाई बजे उसकी बेटी प्रियंका (20) लापता हो गई थी। सुबह करीब सात बजे बेटी का शव तेजपाल छतरी वाला के खेत में पड़ा मिला। पुलिस विवेचना में नौबहार से प्रेम संबंधों का मामला सामने आया। 25/26 की रात को नौबहार के मोबाइल की लोकेशन घटनास्थल पर मिली थी। मोबाइल को घटनास्थल से बरामद किया गया था। 27 सितंबर 2021 को पुलिस ने नौबहार को उसके नाबालिग साथी के साथ गिरफ्तार किया।
नौबहार ने हत्या में प्रयुक्त टायल-पत्थर काटने वाले कटर एवं घटना के समय पहनी खून सनी टीशर्ट तेजपाल के खेत से बरामद कराई। नौबहार का कहना था कि उसने घटना को अपने साथी की मदद से अंजाम दिया था। दूसरे आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसका केस सुनवाई के लिए किशोर न्याय बोर्ड को भेज दिया गया। केस की सुनवाई पूरी होने के बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नगीना अनुपम सिंह ने नौबहार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। बताया गया कि सजा सुनकर हत्या रोने लगा और कहने लगा कि माफ कर दो।