कारोबारियों की समस्याओं का समाधान करते जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर विनय शुक्ला
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर विनय कुमार शुक्ला ने नजीबाबाद में व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारियों को बिल आदि रिकॉर्ड के साथ कारोबार करने और विभाग की समाधान योजना का लाभ लेने की सलाह दी। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के व्यापारियों को एसी ने जीएसटी निरीक्षण से उत्पन्न स्थिति को स्पष्ट करते हुए यह जानकारी दी।
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष शिव कुमार माहेश्वरी, महामंत्री नजर खां, तहसील अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल की ओर से बुलाई व्यापारियों की बैठक में जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर विनय कुमार शुक्ला ने जीएसटी निरीक्षण से तनावग्रस्त व्यापारियों को भय मुक्त कारोबार करने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें: बेसबब: मजबूरी में माता-पिता ने बच्चे को बेचा, जन्म से पहले ही एक लाख में किया नवजात का सौदा, झकझोर देगी घटना
नजर खां के प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में एसी विनय कुमार ने डेढ़ करोड़ रुपये तक वार्षिक कारोबार करने वाले व्यापारियों को विभाग की समाधान योजना का लाभ लेने की सलाह दी। उन्होंने सभी व्यापारियों से पैन कार्ड के साथ समाधान योजना और जीएसटी का ऑनलाइन पंजीकरण कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि समाधान योजना के अंतर्गत व्यापारी कहीं से भी बिलों के आधार पर माल खरीद सकता है लेकिन उसे प्रदेश में ही माल की बिक्री और कारोबार करना होगा।
असिस्टेंट कमिश्नर विनय कुमार ने 20 लाख रुपये और 40 लाख रुपये से अधिक टर्न ओवर वाले व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण कराने, बिलों और कारोबारी रिकॉर्ड के साथ कारोबार करने की सलाह दी। जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि शासन द्वारा चिन्हित कारोबारियों के कारोबार के के संबंध में निरीक्षण आदि की कार्रवाई फिलहाल शासन के निर्देश स्थगित की गई है।