दिल्ली से अपने घर धामपुर लौट रहे युवकों का गूगल मैप ने रास्ता भटका दिया। जिससे वे कोतवाली रोड पर पहुंच गए और मोड़ का पता न लग पाने के कारण उनकी बाइक बैनर के पोल से जा टकराई। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना से परिजनों में शोक व्याप्त हो गया।
विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
धामपुर के मोहल्ला बंदूकचियान निवासी नाजिर (24) पुत्र नासिर और अमन (22) पुत्र मुमताज अहमद दिल्ली में रहकर एल्युमिनियम की फ्रेमिंग का कार्य करते थे। बुधवार को वे बाइक से दिल्ली से अपने घर आ रहे थे। देर शाम नहटौर पहुंचे तो रास्ता भटककर कोतवाली रोड पर चले गए। कोतवाली रोड पर पड़ने वाले मोड़ का पता न लगने पर उनकी बाइक सीधे जाकर सड़क किनारे लगे बोर्ड के पोल से टकरा गई। बाइक चालक नाजिर और पीछे बैठा अमन घायल हो गए।
घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने नाजिर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। कानूनी कार्रवाई से मना करने पर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं अमन की हालत सही बताई जा रही है। घटना से परिवार में शोक व्याप्त है।
ये बोला घायल दोस्त
घटना में घायल हुए अमन ने बताया कि वे गूगल मैप से रास्ता ट्रेस करते हुए धामपुर जा रहे थे। नहटौर में गूगल मैप ने रास्ता भटका दिया, जिससे वे धामपुर रोड के स्थान पर कोतवाली रोड पर चले गए और टक्कर हो गई। अगर गूगल मैप ने रास्ता न भटकाया होता तो शायद नाजिर की जान न जाती।
बुग्गी के नीचे दबकर बालक की मौत
बढ़ापुर के गांव नूरपुर अरब में बुग्गी से नीचे गिरकर तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। किसान मोहम्मद अकरम गांव के पास अपने खेत से बैल-बुग्गी में भरकर मिट्टी ला रहा था। बुग्गी में अकरम के साथ उसके परिवार के बच्चे भी थे। गांव के रास्ते के ढलान पर बुग्गी अनियंत्रित हो गई। बुग्गी में आगे बैठा अकरम का पुत्र जुनैद नीचे गिर गया और बुग्गी के पहिये की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।