साइकिल सवार आठवीं के छात्र चाहत (12) को ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पकड़ने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी। ट्रक में भी तोड़फोड़ की। करीब दो घंटे तक हल्दौर-दारानगर गंज मार्ग पर जाम लगा रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामला शांत कराया।
विलाप करते चाहत के परिजन।
- फोटो : Amar ujala
गांव चंदनपुरा निवासी शीतम सिंह का बेटा चाहत विदुरकुटी स्थित श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज में कक्षा आठ में पढ़ता था। शनिवार की सुबह स्कूल जाने के लिए वह साइकिल से निकला। हल्दौर-गंज मार्ग पर गांव के पास सरिया लदे ट्रक ने चाहत की साइकिल में टक्कर मार दी। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर परिजनों के अलावा गांव वालों भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और शव को नहीं उठने दिया। लोगों ने ट्रक में भी तोड़फोड़ की। टायरों की हवा निकाल दी।
आठवीं के छात्र की मौत के बाद जाम लगाते लोग।
- फोटो : Amar ujala
एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एसडीएम सदर मनोज कुमार, सीओ चांदपुर राजेश कुमार सोलंकी, सीओ यातायात भरत सोनकर, सीओ देश दीपक, शहर कोतवाल उदय प्रताप सिंह आदि मौके पर पहुंचे और समझा बुझा कर मामला शांत करीब ढाई घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव पिलाना निवासी अर्जुन ( 22) पुत्र ब्रजेश कुमार शुक्रवार रात करीब 11 बजे बिजनौर से घर लौट रहा था। मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे मार्ग स्थित गांव बिसाठ के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस ने एंबुलेंस से घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। भाई लखवीर सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।