कुत्ता बेहद वफादार जानवर होता है। वह अपने स्वामी का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहता। फिर चाहे राह कोई भी हो। भक्ति की राह पर कांधे पर कांवड़ लेकर चल रहे शिव भक्तों के साथ एक कुत्ता कदमताल करता नजर आया। यह कुत्ता हरिद्वार से शिवभक्तों के संग पैदल यात्रा कर रहा है, जिसे देख ऐसा लगा मानो भोले की भक्ति में यह भी रम गया हो।
श्रावण मास में शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। पीलीभीत निवासी 60 शिवभक्तों का जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेकर चला। उनके साथ-साथ एक कुत्ता भी हरिद्वार से यात्रा कर रहा है। सोमवार को शिवभक्तों का जत्था अफजलगढ़ स्थित भूतपुरी पहुंचा। महंत पुरुषोत्तम ने बताया कि वह 30 जुलाई को गंगाजल लेने हरिद्वार गए थे। 12 अगस्त को पीलीभीत पहुंचकर गौरीशंकर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
बताया कि दो अगस्त से ही कुत्ता उनके साथ 120 किलोमीटर पैदल यात्रा कर चुका है। अभी यात्रा 150 किमी शेष है। कुत्ता भी उनके साथ ही चल रहा है। कावंड़िए इसे अपना सौभाग्य मान रहे हैं। जत्थे में गौरीशंकर, हरिओम राठौर, हरकेश राठौर, मनोज प्रजापति, रामचंद्र सिंह, महेश कुमार आदि मौजूद रहे।