बढ़ापुर के मदपुरी गांव में विवाद निपटाने पहुंची पुलिस ने खुद ही बखेड़़ा कर दिया। दरअसल, डायल 112 पीआरवी की गाड़ी के सामने अचानक आकर खड़े हुए एक शराबी युवक पर पुलिस ने खूब गुस्सा उतारा। लोगों की भीड़ के बीच युवक को डंडे से पीटा गया और लात भी मारी। यह देख लोग गुस्सा हो गए। इस मामले का वीडियो वायरल होने पर एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है।
शनिवार देर शाम ग्राम मदपुरी निवासी गोल्डी सिंह का बाइक को लेकर किसी से विवाद हुआ। गोल्डी ने डायल 112 पर फोन कर दिया। शिकायत का निस्तारण कर पुलिस गांव से लौट रही थी। इसी बीच गांव में हरजिंदर सिंह अचानक गाड़ी के आगे आ गया और नशे की हालत में खड़ा हो गया।
विज्ञापन
सिपाही पंकज सिंह गाड़ी से उतरा और युवक को हटाने का प्रयास किया। सिपाही ने डंडे से युवक की पिटाई करनी शुरू कर दी। सड़क पर गिरा गिराकर पीटा गया। लात भी मारी। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों को गुस्से में देख सिपाही गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गया।
गांव वालों ने वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही सीओ से मामले की प्राथमिक जांच कराई गई। प्राथमिक जांच के बाद सिपाही पंकज कुमार को एसपी अभिषेक झा ने निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।