धामपुर क्षेत्र के गांव अमखेड़ा में एक खेत में 40 वर्षीय जयप्रकाश उर्फ मोनू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने का पता लगने पर परिजनों में अफरातफरी मच गई। परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी।
थाना क्षेत्र के गांव परमावाला निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उनका भाई जयप्रकाश पुत्र दलपत अविवाहित था। जयप्रकाश ने कुछ समय पहले अपनी पुश्तैनी जमीन बेच दी थी। पड़ोस के गांव अमखेड़ा निवासी साढू के घर में आकर रहने लगा था। आरोप है कि उसकी जमीन का सौदा रिश्तेदार से हुआ था। जिसका उसने पूरा भुगतान भी कर दिया गया था, लेकिन बैनामा नहीं हुआ था। इसे लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को जयप्रकाश खेत पर गया था, लेकिन घर नहीं लौटा।
बुधवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर से गुजर रहे थे तो उन्होंने जयप्रकाश का शव खेत में पड़ा देखा। बताया गया कि शव के पास जहरीले पदार्थ का डिब्बा भी पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तहकीकात की। इस दौरान ग्रामीणों का कहना था कि उसके साथ घटना क्यों घटित हुई, यह समझ में नहीं आ रहा है। मामला प्रॉपर्टी से जुड़ा लग रहा है। परिजनों ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट आदि का कोई निशान नहीं था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई: सीओ
सीओ अभयकुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उनका कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।