बुधवार को सर्दी बढ़ गई। धामपुर के एक विद्यालय में गर्म कपड़े पहने बैठे बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बारिश होने के बाद से सर्दी बढ़ गई है। मंगलवार देर रात जिले में बारिश और कहीं ओले पड़ने से सर्दी बढ़ोतरी हुई। बुधवार को जिले में 10.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे के बाद बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने की संभावना जता रहा है।
जिले में मंगलवार सुबह 10 बजे के बाद मौसम बदल गया था। इसका असर बुधवार को भी देखने को मिला। सुबह आठ बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद बादल छट गए। देखते ही देखते करीब 11 बजे धूप निकल आई। धूप निकलने पर लोगों को सर्दी से राहत महसूस हुई। मगर, बाइक सवारों को 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही शीतलहर ने लोगों को अधिक सर्दी का अहसास कराया। लोगों की कंपकंपी छूट गई। शाम होते ही फिर से सर्दी बढ़ने लगी। लोगों के हाथ-पैर सुन्न हो गए।
मौसम विभाग की मानें तो बृहस्पतिवार को करीब दोपहर दो बजे तक धूप निकलेगी। इसके बाद आसमान में बादल छाने और बूंदाबादी होने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा। धूप निकलने के बाद तापमान में बढ़ोतरी हुई है। नगीना स्थित कृषि वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार ने बताया कि इस सप्ताह मौसम में उतार-चढ़ाव बरकरार रहेगा। अभी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
बारिश होने से बेहतर हुई हवा की गुणवत्ता
बारिश होने से हवा की गुणवत्ता भी बेहतर हुई है। दिसंबर में जिले का एक्यूआई 97 था। जो अब घटकर 82 पहुंच गया है। वातावरण में घूम रहे प्रदूषण और धूल के कण बारिश होने के बाद नीचे बैठ गए। इससे बिजनौर के एक्यूआई में सुधार हुआ है। जिले में दीपावली पर एक्यूआई 100 पार पहुंचा था। इसके बाद एक्यूआई 100 से नीचे रहा। जिले में 12 जनवरी को एक्यूआई 93 दर्ज किया गया था।